गरजते बादल, बरसते बारिश में कैबिनेट मंत्री अमरजीत ने किया दरिमा एयरपोर्ट का निरीक्षण… जल्द अपग्रेड किये जाने की उम्मीद

अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने दरिमा एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। सरगुजा के जिला मुख्यालय अम्बिकापुर के पास निर्मित दरिमा एयरपोर्ट के उन्नयन का कार्य चल रहा है। इस एयरपोर्ट को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने अपने कब्जे में लिया है। फिलहाल यह आम लोगों के लिये बंद है।

कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने बताया कि यह एयरपोर्ट छोटे विमानों के हिसाब बनाया गया था। अब यहाँ से बड़े 70 सीटर विमान भी उड़ान भरेंगे, तद्अनुसार एयरपोर्ट का उन्नयन किया जाएगा। ज़रूरत के हिसाब से रन-वे का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि इसमें अलग-अलग विभागों जैसे राजस्व विभाग, वन विभाग, बिजली, पीडब्ल्यूडी विभागों के तहत कार्य किये जाने हैं।

हाल ही में कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर इस एयरपोर्ट का उन्नयन 3-सी श्रेणी में करने का अनुरोध किया था। केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लिखे पत्र में उन्होंने कहा था कि छत्तीसगढ़ राज्य का उत्तरी भाग आज तक हवाई सुविधा (हवाई मार्ग) से वंचित रहा है। उड़ान योजना के तहत् इन क्षेत्रो में हवाई सेवा की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु महानिदेशक नागरिक उड्ययन के निर्धारित मापदण्ड अनुसार 3-सी श्रेणी की सुविधा एवं तकनीकी स्वीकृति दिया जाना आवश्यक है।

इस पत्र में उन्होंने सरगुजा जिले के अम्बिकापुर (दरिमा) हवाई अड्डे की श्रेणी में सुधार करते हुए 3-सी श्रेणी में शामिल करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया था।

यदि उपरोक्तानुसार दरिमा हवाई अड्डे का उन्नयन होता है तो यहाँ के लोगों को बनारस जाने के लिये सीधे हवाई सेवा का लाभ मिल जाएगा।

आज काले गरजते बादलों और बूंदा-बांदी के बीच छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने दरिमा एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। उनके साथ जिले के आला अधिकारीगण मौजूद थे, मंत्री अमरजीत भगत ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री के सुझावानुसार अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए आवश्यकतानुसार रनवे के विस्तार के लिये अधिकारियों को निर्देश दिये।