Ambikapur News : भारत सरकार द्वारा अम्बिकापुर शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में फाइव स्टार रेटिंग के साथ ही प्रेरक दौड़ में गोल्ड नगर की उपाधि!

अम्बिकापुर। आज भारत सरकार आवासन एवम् शहरी कार्य मंत्री द्वारा विज्ञान भवन नई दिल्ली में स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के परिणाम घोषित किए गए। जिसमें अम्बिकापुर को भारत सरकार आवासन एवम् शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पूरी द्वारा 5 स्टार गार्बेज फ्री सिटी पुरस्कृत किया गया। महापौर डॉ अजय तिर्की, आयुक्त, कार्यपालन अभियंता द्वारा पुरस्कार ग्रहण किया गया। अम्बिकापुर को भारत सरकार द्वारा 5 स्टार शहर, प्रेरक दौड़ प्रतियोगिता में गोल्ड अनुपम नगर एवम 1 लाख से 10 लाख जनसंख्या श्रेणी में देश में द्वितीय स्थान से पुरस्कृत किया गया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 कुल 6000 अंक का था, जिसमें 2400 अंक डॉक्यूमेंटेशन, डायरेक्ट ऑब्जर्वेशन, 1800 सर्टिफिकेशन, 1800 सिटीजन फीडबैक एवम् के लिए था।

2020 सर्वेक्षण में कचरे का कलेक्शन एवं निपटान के साथ वेस्ट रिडक्शन हेतु अम्बिकापुर में कई नवाचार किए गए। प्लास्टिक से दाना, सीमेंट प्लांट हेतु आर डी एफ, दीदी बर्तन बैंक, नेकी की दीवार, आदि का प्रयोग कर जनसहभागिता सुनिश्चित किया गया। इस सर्वेक्षण में अम्बिकापुर द्वारा तरल अपशिष्ट प्रबंधन में नालियों के पानी के उपचार हेतु प्राकृतिक पद्धति का प्रयोग कर वाटर रिसाइकलिंग के क्षेत्र में कार्य किया, उपचारित जल का प्रयोग निर्माण कार्य एवम् उद्यानों में किया जाता है। नगर के 36 सार्वजनिक एवम् सामुदायिक शौचालयों का सुद्रणीकरण करके बेहतरीन सुविधा सुनिश्चित की गई।।स्वच्छता श्रृंगार योजना के माध्यम से समूह की दीदियों को रोजगार के साथ शौचालय संचालन की व्यवस्था की गई, नगर से निकलने वाले मल प्रबंधन हेतु एफ एस टी पी प्लांट की स्थापना की गई।

नगर के 3000 से ज्यादा परिवारों द्वारा होम कम्पोस्टिंग के द्वारा गीले कचरे का घरों में निष्पादन किया जा रहा है, निगम द्वारा तैयार खाद का विक्रय कर आय अर्जन एवम् जैविक खेती को बढ़ावा देने में भी कार्य हो रहा है। नगर में निकलने वाले मलबे के प्रोसेसिंग कर विभिन उत्पाद तैयार किए जा रहे है। स्वच्छता दीदियों द्वारा कोरोना लॉकडाउन के दौरान भी नगर के स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट कार्य किया गया है। निकाय के जनप्रतिनिधि, अधिकारी/कर्मचारी, स्वच्छता दीदियों, द्वारा जन सहयोग से अम्बिकापुर को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखने के लिए कार्य किया गया है। निगम द्वारा किए गए कार्य एवम् नागरिक फीडबैक के आधार पर आज अम्बिकापुर को भारत सरकार द्वारा 5 स्टार शहर, प्रेरक दौड़ प्रतियोगिता में गोल्ड अनुपम नगर एवम 1 लाख से 10 लाख जनसंख्या श्रेणी में देश में द्वितीय स्थान से पुरस्कृत किया गया।

वर्तमान परिदृश्य –

वर्तमान में 18 एस एल आर एम केंद्रों में 470 दीदियां कार्यरत है, जो 48 वार्डों से डोर टू डोर कलेक्शन कर रहे है। प्रतिदिन 51 मीट्रिक टन कचरे को प्रोसेस कर कचरे के विक्रय से प्रतिमाह 5 से 6 लाख एवं यूजर चार्ज से 15 लाख कुल 20 से 21 लाख प्रतिमाह आय अर्जित की जा रही है।

नगर पालिक निगम द्वारा अम्बिकापुर नगर के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधिगण, मीडिया, स्वच्छता दीदियां, निगम के अधिकारी/कर्मचरियों के सहयोग से अम्बिकापुर को पुरस्कृत होने पर महापौर, सभापति एवं आयुक्त महोदय द्वारा आभार एवं बधाई दी गई है।