Chhattisgarh: नदी में मछली पकड़ने गए युवक की करंट लगने से मौत, एक घंटे तक औंधे मुंह पड़ा रहा पानी में…

उदयपुर (फटाफट न्यूज) | क्रांति रावत

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के ग्राम केसमा निवासी राजनाथ पिता स्व० भरतलाल (21 वर्ष) रविवार को दोपहर करीब 2 बजे रेण नदी मछली मारने गया हुआ था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। घटना के संबंध में मृतक के मां ने जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर दो बजे बिजली खंभा से तार जोड़कर इसका बड़ा लड़का राजनाथ, रेण नदी में मछली मारने गया हुआ था।

इसी दौरान कटे हुए तार से चिपक कर रेण नदी में गिर गया और लगभग एक घंटा तक पानी में औंधे मुंह पड़ा रहा। मृतक का साथी राउथा जो कि घटना के दौरान उसके करीब था। उसने परिजनों को सूचना दिया की राजनाथ पानी में डूबा हुआ है। परिजन व गांव वाले मिलकर उसे पानी से निकालकर घर लेकर सायं 4 बजे करीब पहुंचे।

युवक की धड़कन उस दौरान चल रही थी। 108 को सूचना देने पर काफी विलंब से 108 की सेवा मिल पाई और सायं 7 बजे करीब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को मर्चुरी में रखवा दिया गया है। घटना की जानकारी उदयपुर पुलिस व कैदमा चौकी में दी गई है। मृतक का पोस्टमार्टम सोमवार को कराकर परिजनों को शव को सौंपा जाएगा।