
अम्बिकापुर। होली क्रॉस वीमेंस कॉलेज, अम्बिकापुर में 13 सितम्बर 2025 को फीस्ट डे 2025 का भव्य आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन संस्थापक पूज्यनीय धन्य मदर मारिया तेरेसा शेरर की 200वीं जयंती वर्ष के विशेष अवसर पर महाविद्यालय प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल दीप प्रज्ज्वलन और प्रवर्तकों को दीपांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं ने ईश्वरीय वंदना को प्रार्थना नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। सहायक प्राध्यापक डॉ. कल्पना गुहा ने स्वागत उद्बोधन देकर कार्यक्रम की रूपरेखा रखी, वहीं प्राचार्य डॉ. सि. शांता जोसेफ ने अध्यक्षीय उद्बोधन में फीस्ट डे के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए श्रद्धेय फादर थियोदोसिसुस फ्लोरेंटिनी और पूज्यनीय मदर मारिया तेरेसा शेरर के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को आनंदमय बना दिया। भारत के अलग-अलग राज्यों की नृत्य शैलियों, शिक्षाप्रद नाटकों और हास्य-प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में आदिवासी नृत्य ने प्रथम, कॉमेडी एक्ट ने द्वितीय और गुजराती नृत्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में उप-प्राचार्य डॉ. सि. मंजू टोप्पो सहित डॉ. सि. दिव्या गुलाब मिंज, सोनल सिन्हा, प्रीति सिंह और प्रज्ञा सिंह का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन सहायक प्राध्यापक आलोक चक्रवर्ती ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्राध्यापक प्रकृति केशरी ने प्रस्तुत किया।
पूरे आयोजन में महाविद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी रही, जिसमें सि. वेलेन्टीना टोप्पो, सि. शीला बरवा, अन्य सिस्टर्स, प्राध्यापक वृंद, कर्मचारीगण और छात्राएं सम्मिलित थीं। फीस्ट डे 2025 का यह आयोजन लंबे समय तक सभी की स्मृतियों में जीवंत रहेगा।