अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर के अयान मार्ग मोमिनपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से फैली पीलिया की बीमारी को लेकर अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। शहर में पिछले तीन-चार महीनों से पीलिया के मरीज सामने आ रहे हैं, लेकिन अब जाकर मामला गरमाया है।
महापौर मंजूषा भगत ने इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें करीब दस दिन पहले जानकारी मिली कि क्षेत्र में दूषित पानी पीने से लोग बीमार हो रहे हैं। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि पूरा शहर नगर निगम का पानी पी रहा है, फिर आखिर केवल इसी इलाके में पीलिया क्यों फैला? उन्होंने इस घटना में “साजिश की बू” आने की बात भी कही।
महापौर ने क्षेत्र में फैली गंदगी पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अयान मार्ग मोमिनपुरा इलाके में गंदगी का ढेर लगा हुआ है, लेकिन समय पर सफाई क्यों नहीं की गई, यह गंभीर सवाल है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम के कमिश्नर तक को इस स्थिति की जानकारी नहीं थी, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
चौंकाने वाली बात यह है कि जल प्रभारी को भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि दूषित पानी के कारण लोग पीलिया से ग्रसित हो रहे हैं। ऐसे में तीन-चार महीनों से बीमारी फैलने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की अनभिज्ञता कई सवाल खड़े कर रही है।
