अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से बंद पड़ी हवाई सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट, अम्बिकापुर से अब दिल्ली के लिए नियमित उड़ान संचालित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
हवाई सेवा का संचालन एलायंस एयर द्वारा किया जाएगा। जारी शेड्यूल के अनुसार सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार अम्बिकापुर से दिल्ली के बीच उड़ान संचालित होगी। यह उड़ान अम्बिकापुर-दिल्ली-अम्बिकापुर रूट पर व्याया बिलासपुर चलेगी।
सोमवार को फ्लाइट संख्या 91613 सुबह 7:50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10:25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद 10:50 बजे बिलासपुर से उड़ान भरकर 11:40 बजे अम्बिकापुर पहुंचेगी। अम्बिकापुर से 12:05 बजे रवाना होकर दोपहर 2:35 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
बुधवार को यही फ्लाइट सुबह 7:50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10:25 बजे अम्बिकापुर पहुंचेगी। अम्बिकापुर से 10:50 बजे रवाना होकर 11:40 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और बिलासपुर से 12:05 बजे उड़ान भरकर 2:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
हवाई सेवा दोबारा शुरू होने से व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के क्षेत्र में सरगुजा संभाग को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से की जा रही मांग अब पूरी होती दिख रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों में खुशी की लहर है।
