
सूरजपुर। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी सख्ती के साथ मैदान में उतर चुका है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशन में एक ओर जहां धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में प्रशासनिक अमले ने ग्राम कसलगिरि के पास अवैध रूप से धान ले जा रहे एक पिकअप वाहन को पकड़कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG15/4002 में 52 बोरी अवैध धान पाया गया। मौके पर ही धान सहित वाहन को जप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई और जप्त सामग्री को चौकी लटोरी में प्रस्तुत किया गया।
दूसरी कार्रवाई में इमलीपारा भटगांव से सिरसी समिति की ओर अवैध रूप से धान ले जाने का मामला सामने आया। जोड़ा सरई के पास की गई जांच में करीब 170 बोरी, लगभग 70 क्विंटल धान पकड़ा गया। जांच के दौरान संबंधित व्यक्ति दूसरे तहसील से भैयाथान तहसील में धान परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रशासन ने धान को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सिरसी समिति की सुपुर्दगी में सौंप दिया।




