
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर के नए बस स्टैंड के पास रविवार सुबह एक अजीबोगरीब घटना ने लोगों का ध्यान खींच लिया। यहां एक मानसिक रूप से कमजोर महिला पेड़ पर चढ़ गई और लंबे समय तक वहीं बैठी रही। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर निगम को दी, जिसके बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।
नगर निगम की टीम के साथ एसडीआरएफ और डायल 112 की टीम ने मिलकर ढाई घंटे तक लगातार मशक्कत की। आखिरकार स्थानीय युवक संजय कुमार की मदद से महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण रही क्योंकि महिला के नीचे कूदने की संभावना बनी हुई थी। टीम ने सावधानी बरतते हुए उसके हाथ-पांव बांधे और उसे सुरक्षित उतारने में सफलता पाई।
साहसिक कार्य के लिए प्रशासन ने संजय कुमार को प्रोत्साहन राशि स्वरूप 1000 रुपए भी प्रदान किए। संजय ने बताया कि यह बेहद जोखिम भरा काम था, लेकिन प्रशासन की मदद और सामूहिक प्रयास से महिला को सुरक्षित उतारा जा सका। फिलहाल, विक्षिप्त महिला को एंबुलेंस से अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।