अम्बिकापुर. सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशुनपुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह (प्लेस ऑफ सेफ्टी) से सोमवार रात करीब 9 बजे एक बड़ी घटना सामने आई है. यहां से 15 अपचारी बालक फरार हो गए, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के अनुसार, फरार हुए अपचारी बालकों में से 5 को पुलिस ने पकड़ लिया है, जबकि 10 अपचारी बालक अब भी फरार बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि फरार होने से पहले अपचारी बालकों ने वहां तैनात सुरक्षा गार्ड को पकड़कर उसके साथ मारपीट की और फिर मौके से भाग निकले. इस घटना में गार्ड को चोटें आई हैं और वह घायल हो गया.
प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर में हत्या, चोरी, दुष्कर्म, मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त किशोरों को रखा जाता है. ऐसे में इस तरह बड़ी संख्या में अपचारी बालकों का फरार होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार अपचारी बालकों की तलाश में सघन जांच व तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार अपचारी बालकों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
