हायर सेकण्ड्री स्कूल रूद्री में कलेक्टर ने विद्यार्थियों को पढ़ाई अंग्रेजी

धमतरी 20  नवम्बर 2014

Random Image

छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 2014-15 को शिक्षा गुणवत्ता वर्ष घोषित किया है। शिक्षा में गुणवत्ता लाने जिला प्रशासन द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में कलेक्टर श्री भीम सिंह ने आज सुबह दस बजे ग्राम पंचायत रूद्री स्थित शासकीय हायर सेकण्ड्री स्कूल पहुंचकर कक्षा बारहवीं के छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी विषय पढ़ाया तथा उनसे सीधे मुखातिब हुए उनकी योग्यता भी परखी।

इस दौरान कलेक्टर ने कक्षा बारहवीं के छात्र-छात्राओं कु. आयशा, चंद्रकला, कामिनी, दीप्ति, गुलशन, गीतांजलि, दामिनी से देश का नाम, महीने तथा सप्ताह के दिनों के नाम अंग्रेजी में लिखने कहा। कुछ विद्यार्थियों ने सही, तो कुछ ने गलत लिखा। बच्चों से कलेक्टर ने कहा कि उत्तर सही हो या गलत, कोशिश जरूर करनी चाहिए, क्योंकि कोशिश से ही कामयाबी मिलती है।

इसके अलावा उन्होंने बच्चों से कुछ शब्दों की स्पेलिंग भी पूछी। कलेक्टर ने विषय शिक्षिका को अंग्रेजी ग्रामर के अलावा विषय की मौलिक जानकारी देने तथा स्पेलिंग स्ट्रांग करने की बात कही। कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि जिन शब्दों का अर्थ नहीं पता होता है, उसे डिक्शनरी में ढूंढकर वोकेबॅलरी (शब्दकोष) में अपनी पकड़ बनाएं। साथ ही व्यक्तित्व विकास (पर्सनॉलिटी डेवलपमेंट) के लिए स्पोकन इंग्लिश पर भी जोर दिया। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी स्कूलों में हिन्दी के साथ-साथ अंग्रेजी समाचार पत्रों का भी नियमित पठन-पाठन कराने पर जोर दिया।

इसके अलावा शिक्षकों को विषयों के अध्ययन-अध्यापन के अलावा सामान्य ज्ञान तथा समसामयिक घटनाक्रम के संबंध में बच्चों को जानकारियां प्रदान करने की बात कही। उल्लेखनीय है कि आदर्श ग्राम पंचायत रूद्री के स्कूलों में बेहतर शिक्षा देने कलेक्टर ने स्वयं क्लास लेने का बीड़ा उठाया है। इस स्कूल में वे खुद क्लास लेंगे, साथ ही जिला स्तर के अन्य अधिकारी भी विभिन्न विषयों का अध्यापन कराएंगे। इसी तारतम्य में जिला शिक्षा अधिकारी ने भी स्कूल के बच्चों को गणित विषय की पढ़ाई कराई।