अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देश पर सरगुजा यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए कुल 44 भारी वाहनों पर गाज गिराई।
वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने नियमों को ताक पर रखकर प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 11 ट्रकों और 33 बसों को धर दबोचा। इन सभी वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 119(2) के तहत कड़ी कानूनी कार्यवाही की गई और मौके पर ही उनके प्रेशर हॉर्न जप्त कर लिए गए। इस पूरी कार्यवाही के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 ट्रक चालकों से 22,000 रुपये और 33 बस चालकों से 66,000 रुपये सहित कुल 88,000 रुपये का समन शुल्क (जुर्माना) वसूला।
आम जनता को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाने और सड़कों को सुरक्षित बनाने की दिशा में सरगुजा यातायात पुलिस की यह भूमिका बेहद सराहनीय और उल्लेखनीय रही। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
