
रायपुर 06 अक्टूबर 2014
- मुख्यमंत्री ने बस्तरवासियों को दी दशहरे की सौगात
- जगदलपुर में 17.81 करोड़ के नये कार्याे का लोकार्पण
- नागरिकों को मिली तरणताल, व्यावसायिक परिसर और अन्तर्राज्यीय बस स्टैण्ड की सुविधा
- तरणताल के लोकार्पण के साथ ही डॉ. रमन सिंह ने किया तैराकी प्रतियोगिता का शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर में शहरवासियों की सुविधा के लिए दशहरे की सौगात के रूप में लगभग 17 करोड़ 81 लाख रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री वहां के प्रसिद्ध बस्तर दशहरे के कार्यक्रमों के तहत आयोजित आदिवासी समाज के परम्परागत मुरिया दरबार में भी शामिल हुए।
डॉ. रमन सिंह ने सबसे पहले कुम्हारपारा में 5 करोड़ 92 लाख रुपए की लागत से नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर निर्मित तरणताल (स्वीमिंग) पुल तथा इसी परिसर में 2 करोड़ की लागत से बेरोजगारों के लिए निर्मित 80 गुमटियों का लोकार्पण किया। उन्होंने इस तरणताल का लोकार्पण करते हुए हरी झण्डी दिखाकर वहां तैराकी प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया। डॉ. सिंह ने प्रतियोगिता के विजेता श्री कृष्ण कुमार, उपविजेता श्री सचदेव यादव और तृतीय स्थान पर रहे श्री शिवकुमार को सम्मानित भी किया। उल्लेखनीय है कि यह बस्तर जिले का पहला अत्याधुनिक स्वीमिंग पुल है। तरणताल 50 मीटर लम्बा और 25 मीटर चौड़ा है। इसमें 10 लेन बनाए गए हैं। इसकी सबसे ज्यादा गहराई 4 मीटर और सबसे कम गहराई 1.20 मीटर है।
डॉ. रमन सिंह ने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में 94 लाख रुपए की लागत से निर्मित वीर सावरकर सामुदायिक भवन, बालाजी वार्ड में 3 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से बने पंडित दीनदयाल उपाध्याय व्यावसायिक परिसर, पुराने बस स्टैण्ड में एक करोड़ 50 लाख की लागत से बने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी व्यावसायिक परिसर और 3 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड तथा इसके व्यावसायिक परिसर का भी लोकार्पण किया। उन्होंने इन सभी निर्माण कार्यों को बेहतर ढंग से पूर्ण करने पर नगर निगम जगदलपुर और जिला प्रशासन की प्रशंसा की। डॉ. सिंह ने नागरिकों से कहा कि ये सभी निर्माण कार्य जगदलपुर शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। लोकार्पण कार्यक्रमों की अध्यक्षता स्वास्थ्य, नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री अमर अग्रवाल ने की। विशेष अतिथि के रूप में आदिम जाति विकास तथा स्कूल शिक्षा मंत्री श्री केदार कश्यप, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक, बस्तर के लोकसभा सांसद श्री दिनेश कश्यप, विधायक जगदलपुर, श्री संतोष बाफना, नगर निगम के महापौर श्री किरण देव, अध्यक्ष जिला पंचायत बस्तर श्री लच्छुराम कश्यप और नगर निगम के सभापति श्री शेषनारायण तिवारी भी उपस्थित थे। नगर निगम के अनेक पार्षद तथा बड़ी संख्या में नागरिक भी लोकार्पण कार्यक्रमों में मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह आज बस्तर दशहरे के अवसर पर जिला मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित आदिवासी समाज के परम्परागत मुरिया दरबार में शामिल हुए।