Chhattisgarh News: प्रेमजाल में फंसाकर नाबालिक से रेप, आरोपी के माता-पिता ने जबरदस्ती करवा दी शादी; घर से बाहर निकाला तो भीख मांगने पर मजबूर हुई लड़की

Janjgir-Champa News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में एक युवक ने नाबालिग लड़की को प्यार करता हूं कहकर शादी का झांसा दिया। इसके बाद उसके साथ रेप करता रहा। बाद में लड़के के परिजनों को दोनों के प्रेम कहानी का पता चला तो लड़के के माता पिता ने जबरजस्ती जयमाला डलवाकर दोनों की शादी करवा दी। इसके कुछ दिन बाद लड़का सहित उसके परिजन लड़की को प्रताड़ित, मारपीट करने लगे और घर से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद लड़की रेलवे स्टेशन पर भीख मांगने लगी। इसका पता जब लड़की के माता पिता को चला। तो उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक और उसके माता पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मुलमुला थाना इलाके का है।

दरअसल, 16 साल की नाबालिग लड़की के माता पिता दूसरे राज्य में काम करते हैं। इसकी वजह से लड़की अपने नानी के यहां रही थी और पढ़ाई करती थी। इस बीच पिछले वर्ष उसकी मुलाकात दिला कुमार कश्यप (19 वर्ष) से हुई थी। लड़की जब स्कूल जाती थी तो दिल कुमार उसे देखता था। इस बीच एक दिन दिल कुमार ने लड़की प्यार का इजहार किया और शादी करने का प्रस्ताव रखकर अपने साथ चलने को कहा। इसके बाद लड़की लड़के के बातों में आकर उसके साथ चली गई। तब लड़का उसके साथ शादी नहीं करके उसके साथ रेप करता रहा। इस बीच लड़की ने कई बार इसका विरोध किया, लेकिन वह नहीं माना। कुछ दिनों बाद लड़की ने लड़के से कहा कि उसे वापस अपने घर जाना है। लेकिन युवक ने उसे जाने नहीं दिया। इसके कुछ समय बाद लड़के के पिता संतोष कश्यप और माता गंगोत्री बाई ने जबरजस्ती नाबालिग लड़की के गले में जयमाला डलवाकर दोनों की शादी करवा दी।

शादी होने के बाद लड़की, युवक के साथ में रहने लगी। लगभग एक साल तक दोनों साथ में रहे। तब दिल कुमार के माता पिता बीच बीच में लड़की को परेशान करते रहे। कई बार दिल कुमार और उसके माता पिता ने लड़की के साथ मारपीट की। युवक के परिजन संतोष कश्यप और गंगोत्री बाई लड़की को ये कहकर प्रताड़ित करते थे कि वह खाना ठीक से नहीं बनाती है। इसके बाद लड़की को घर से बाहर निकाल दिया। लड़की की नानी ने जब इसका विरोध किया तो उसे भी डराया, धमकाया गया।

युवक और उसके परिजनों ने जब लड़की को घर से बाहर निकाल दिया। तब लड़की बिलासपुर के रेल्वे स्टेशन में भीख मांगने लगी। उधर, जब लड़की के माता पिता दूसरे राज्य से काम कर वापस लौटे, तब उन्होंने अपनी बेटी को रेलवे स्टेशन के बाहर देखा। इसके बाद लड़की ने पूरी बात अपने माता पिता को बताई। फिर 6 नवंबर को मामले की शिकायत पुलिस में की गई। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ धारा धारा 363, 366, 376(3) 376 (2) (एन) भादवि, 4,6 पाक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 7 नवंबर को आरोपी दिल कुमार कश्यप, संतोष कश्यप और गंगोत्री बाई निवासी जेवरा को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जांच दल में निरीक्षक के.सी. मोहले, सहायक उप निरीक्षक कपिल साहू, माधव सिंह, प्रधान आरक्षक रेमन सिंह, आरक्षक दिलदार निराला एवं महिला आरक्षक बबीता निषाद शामिल रहे।