Male Chromosome Study : क्या धरती पर खत्म हो जाएंगे पुरुष! सिर्फ रह जाएंगी लडकियां? तेजी से घट रहा Y क्रोमोसोम, स्टडी में चौंकाने वाले खुलासे

Y Chromosome, X Chromosomes, Male Chromosome Study

Y Chromosome, X Chromosomes, Male Chromosome Study : एक महिला के गर्भ में पल रहे भ्रूण का लिंग लड़का होगा या लड़की, यह उसके माता-पिता के क्रोमोसोम (गुणसूत्र) पर निर्भर करता है। सामान्यत: महिलाओं के शरीर में दो X (एक्स) क्रोमोसोम और पुरुषों के शरीर में एक X और एक Y (वाय) क्रोमोसोम होता है।

Random Image

यदि महिला और पुरुष के XX क्रोमोसोम मिलते हैं तो भ्रूण लड़की बनती है और जब XY क्रोमोसोम मिलते हैं, तो लड़का पैदा होता है। लड़के के पैदा होने के लिए Y क्रोमोसोम का होना आवश्यक है। लेकिन अगर पुरुषों का Y क्रोमोसोम खत्म हो जाए, तो केवल लड़कियां पैदा होंगी और अंततः मानव जाति का अस्तित्व भी संकट में पड़ सकता है।

हाल ही में की गई एक रिसर्च में इस विषय पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। साइंस अलर्ट की रिपोर्ट के अनुसार, शोधकर्ता इस बात का इशारा कर रहे हैं कि Y क्रोमोसोम की संख्या लगातार घट रही है और भविष्य में इसका पूरी तरह से खत्म हो जाने का खतरा है। हालांकि, इसके पूरी तरह से समाप्त होने में लाखों वर्ष लग सकते हैं, लेकिन अगर मनुष्य Y के विकल्प के तौर पर कोई नया जीन विकसित नहीं करता और Y क्रोमोसोम का पतन जारी रहता है, तो पृथ्वी पर जीवन का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।

कांटेदार चूहे ने एक नया पुरुष-निर्धारण जीन विकसित

रिसर्च पेपर में यह भी उल्लेख किया गया है कि कांटेदार चूहे ने एक नया पुरुष-निर्धारण जीन विकसित किया है। यह अध्ययन ‘प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज’ में 2022 में प्रकाशित हुआ था, जो एक वैकल्पिक संभावना की ओर इशारा करता है कि मनुष्य भी एक नया लिंग निर्धारण जीन विकसित कर सकता है। हालांकि, यह प्रक्रिया सीधी नहीं है और इसके विकास में कई जोखिम हो सकते हैं, इसलिए इसे अभी एक ठोस विकल्प मान लेना जल्दबाजी होगी।

Y क्रोमोसोम मानव लिंग का निर्धारण कैसे करता है?

महिलाओं और पुरुषों में X और Y क्रोमोसोम का एक विशेष संयोजन लिंग निर्धारण के लिए जिम्मेदार होता है। X क्रोमोसोम में लगभग 900 जीन होते हैं, जबकि Y क्रोमोसोम में केवल 55 जीन होते हैं और बहुत सारा गैर-कोडिंग डीएनए होता है। Y क्रोमोसोम में एक महत्वपूर्ण जीन होता है जो भ्रूण में पुरुष विकास की प्रक्रिया को शुरू करता है। गर्भधारण के लगभग 12 सप्ताह बाद, यह मास्टर जीन दूसरे जीनों पर स्विच करता है और भ्रूण का पुरुष हार्मोन बनाता है, जिससे बच्चे का विकास लड़के के रूप में होता है।

Y क्रोमोसोम की घटती संख्या और उसका प्रभाव

रिसर्च के अनुसार Y क्रोमोसोम में असमानता बढ़ रही है। पिछले 166 मिलियन वर्षों में वाय क्रोमोसोम ने लगभग 900 से 55 सक्रिय जीन खो दिए हैं। यह प्रति दस लाख वर्षों में पांच जीनों के नुकसान के बराबर है। अगर यह दर बनी रहती है, तो वाय क्रोमोसोम के आखिरी 55 जीन अगले 11 मिलियन वर्षों में समाप्त हो सकते हैं। इस घातक कमी ने वैज्ञानिकों को चिंतित कर दिया है।

क्या Y क्रोमोसोम के बिना जीवन संभव है?

Y क्रोमोसोम के घटने की चिंता के बावजूद, वैज्ञानिकों ने पूर्वी यूरोप और जापान के कांटेदार चूहों के कुछ वंशों से राहत की सांस ली है। इन चूहों में Y क्रोमोसोम पूरी तरह से गायब हो चुका है, लेकिन ये जीवित हैं। इन चूहों में X क्रोमोसोम दोनों लिंगों के लिए कार्य करता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ये चूहे बिना Y क्रोमोसोम के लिंग का निर्धारण कैसे करते हैं।

रिसर्च में कुरोइवा की टीम ने भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि यदि Y क्रोमोसोम पूरी तरह से गायब हो जाता है, तो आने वाले 11 मिलियन वर्षों में पृथ्वी पर मानव जाति का अस्तित्व समाप्त हो सकता है। इसका कारण यह है कि प्रजनन के लिए शुक्राणु की आवश्यकता होती है और पुरुषों का होना आवश्यक है। स्पष्ट है कि Y गुणसूत्र का अंत मानव जाति के विलुप्त होने की शुरुआत कर सकता है।