Chhattisgarh News: सर्चिंग पर निकले जवानों पर घात लगाए नक्सलियों ने की फायरिंग, 2 DRG जवान घायल; कई नक्सलियों को गोली लगने की ख़बर

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में रविवार की सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में सुकमा DRG के 2 जवान घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों घायल जवानों को मौके से निकाल कर जिला अस्पताल लाया जा रहा है। जवानों को मामूली चोटें ही आई हैं। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर सामने आ रही है। मामला जिले के केरलापाल थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, चिचोरगुड़ा के पास भारी संख्या में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पुलिस को मिली थी। मुखबिर से मिली सूचना के अनुसार पर ही सुकमा से DRG की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था। सुबह करीब 10 बजे जब सर्चिंग करते हुए जवान जंगल में पहुंचे, तो यहां पहले से ही घात लगाकर बैठे माओवादियों ने जवानों पर फायर खोल दिया। इसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया।

करीब आधे घंटे तक चली इस गोलीबारी में DRG के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें साथी जवान मौके से निकाल कर जिला अस्पताल ला रहे हैं। फिलहाल मुठभेड़ बंद हो गई है। जवान अभी मौके पर ही मौजूद हैं और इलाके की सर्चिंग लगातार जारी है। सर्चिंग के दौरान घटनास्थल पर खून के धब्बों के निशान भी देखने को मिले हैं। पुलिस का दावा है कि इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों को भी गोली लगी है।