Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में चार दिन तक रहेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, जानें पूरा कार्यक्रम



Raipur News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रायपुर में चार दिन तक रहेंगे। यह पहला अवसर है, जब भाजपा अध्यक्ष लगातार चार दिन यहां रूक रहे हैं। हालांकि नड्डा का यह दौरा एक दिन ही राजनीतिक होगा। 9 सितंबर को नड्डा रायपुर में रोड शो करेंगे और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को रिचार्ज करेंगे। 10 सितंबर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय समिति की बैठक है।

नड्डा 10 से 12 सितंबर तक इस बैठक में रहेंगे और स्वयं सेवक की भूमिका निभाएंगे। इन तीन दिनों में वह किसी राजनीतिक आयोजन में हिस्सा नहीं लेंगे। संघ की इस बैठक में प्रदेश भाजपा के किसी नेता को नहीं आमंत्रित किया गया है। नड्डा लंबे समय तक छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी रहे हैं। वे यहां के नेताओं को व्यक्तिगत तौर पर जानते हैं। प्रदेश्‍ भाजपा में उनके इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है।

छत्तीगसढ़ में वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव के समय जेपी नड्डा छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी थे। उनके निर्देशन में हुए चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी। केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद नड्डा केंद्रीय मंत्री की भूमिका में आ गए। प्रदेश प्रभारी रहने के दौरान उनको प्रदेश के हर भाजपा नेता की ताकत और कमजोरी का अंदाजा है। ऐसे में उनके प्रवास के दौरान वह सभी वरिष्ठ नेताओं से वन टू वन संवाद करेंगे।

इस संवाद को मिशन 2023 के रूप में देखा जा रहा है। राजधानी में रोड शो करके नड्डा चार विधानसभा क्षेत्र में प्रभाव छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो राजधानी के रोड शो का संदेश, प्रदेश की हर विधानसभा सीट तक जाएगा। यही कारण है कि हर विधानसभा के रोड शो में 20-20 हजार से ज्यादा लोगों को सड़क पर लाने की तैयारी चल रही है।