CG: हड़ताली महिलाओं ने प्रदर्शन स्थल पर मनाया हरतालिका तीज, हाथों पर मेहंदी से लिखा 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता और गृहभाड़ा लेकर रहेंगे



कोरबा। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन द्वारा जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन आज नौवें दिन भी जारी रहा। फेडरेशन से जुड़ी हड़ताली महिलाओं प्रदर्शन स्थल पर हरतालिका तीज मनाई। इस अवसर पर शिव-पार्वती की पूजा कर हाथों में मेहंदी से लिखा कि 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता और गृहभाड़ा लेके रहेंगे। उपस्थित कर्मचारी अधिकारियों ने गीत, कविता, चुटकुले, हास्य व्यंग एवं विचारों के माध्यम से आक्रोश प्रकट करते हुए भर्सना की।

दो सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताली कर्मचारी विविध प्रदर्शन के साथ अपनी मांग मनवाने की जिद पर अड़े हैं। मंगलवार को हरतालिका तीज पर्व पर महिलाओं दो सूत्रीय मांग मनवाने के लिए धरना स्थल पर पूजा अर्चना की। महिला आम दिनों की अपेक्षा तीज पर्व में की जाने वाली श्रृंगार के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंची थी। महिलाओं ने बताया कि हरतालिका तीज पर पर्व मनाने के लिए शासन ने अवकाश घोषित किया है लेकिन मांग पूरा नहीं होने के कारण उन्हे धरना स्थल पर ही तीज मनाना पड़ रहा है। महिलाओं ने प्रदेश सरकार को अपनी मांग से अवगत कराने के लए हाथों में मेंहंदी नारे लिख रखा था।

नौ दिन चल रहे हड़ताल से प्रशासनिक कामकाज ठप है। शिक्षा, राजस्व, कृषि, जल संसाधन, खाद्य, उद्यानिकी आदि विभागों में ताले लटक गए हैं। प्रशासनिक कामकाज पूरा नहीं होने से लोग हलकान है। सबसे अधिक अधिक अहित विद्यालयीन छात्र-छात्रओं का हो रहा है। स्कूल बंद होने से बच्चों का कोर्स पिछड़ रहा है। हड़ताल लंबे समय तक जारी होने से प्रशासन की जनहित योजनाएं भी चरमराने लगी है। धरना के नौवें दिवस प्रमुख रूप से केआर डहरिया जगदीश खरे, ओम प्रकाश बघेल, एस एन शिव, एसके द्विवेदी, रामचंद्र नामदेव, रामनरेश दुबे, नित्यानंद यादव, अनूप सिंह कोराम, नकुल सिंह राजवाडे, मंजू शर्मा, संतोषी ठाकुर, अनीता राठौर, फिरोजा खान, सीमा लाल, राजकुमारी डहरिया, फुलेश्वरी बंजारे, दिनेश टेंगवार, प्रदीप कश्यप, रामकुमार कश्यप, चंद्रशेखर तिवारी, अरुण मिश्रा, अशोक बैगा, अशोक कश्यप, झीलन कुर्रे, एफआर टंडन, राजेश कुमार पांडे, पुरुषोत्तम डनसेना, केडी पात्रे, के के चंद्रा, पीपीएस राठौर, छोटेलाल पटेल,विनोद सांडेय, ओम प्रकाश बघेल एवं सैकड़ों महिला कर्मचारी अधिकारी उपस्थित रहे।