CG – शराब बिक्री से मिले 47 लाख रुपये लाकर से गायब… इन पर है संदेह..



महासमुंद। सरायपाली चेस्ट में शराब बिक्री की कलेक्शन राशि की चोरी का मामला सामने आया है। पखवाड़ेभर बाद सुरक्षा कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने दो गार्डो के खिलाफ गबन की धारा के तहत जुर्म दर्ज किया है।

पुलिस को टाप सिक्युरिटी एण्ड फैसिलिटीज मैनेजमेंट कंपनी के जिला समन्वयक प्रवेश कुमार जैन ने बताया कि बीते 14 जून की रात एक बजे अर्जुन सुराना ने फोन कर सूचना दी कि शराब बिक्री की कलेक्शन की राशि करीब 47 लाख रुपये लाकर में रखी थी। अज्ञात व्यक्ति ताला खोलकर उस पैसे को निकालकर ले गया। जानकारी मिलने पर प्रवेश जैन ने सरायपाली जाकर वस्तुस्थिति देखी।

वहां उन्हें पता चला कि यहां के सभी कर्मचारी घनश्याम, परशुराम, प्रज्वलित सिंह मनोहर, पीकू, असीम, मनीष के साथ जन्मदिन मनाने चले गए थे। जाने से पहले गार्ड डोमन लाल वर्मा को बताकर गए थे कि जन्मदिन पार्टी में जा रहे हैं। रात लगभग साढ़े आठ बजे ये चले गए। वापस आने पर देखा कि प्रज्वलित सिंह दरवाजा के बाहर सोया है और गनमैन डोमन लाल अंदर सोया है और चेस्ट रूम का दरवाजा खुला था। भीतर चेस्ट खुला व खाली था। पीछे का दरवाजा खुला था। स्टाफ द्वारा बताया गया कि रोज चेस्ट व चेस्ट रूम की चाबी प्रज्वलित सिंह रखता था।

चेस्ट में थी दो दिन की बिक्री रकम

सरायपाली के कलेक्शन सेंटर में 12-13 जून की बिक्री राशि 47,63,880 को कलेक्शन कर सरायपाली कार्यालय के चेस्ट में रखा गया था। जिले की शराब दुकानों में बिक्री की रकम को महासमुंद व सरायपाली दो जगह संग्रहित किया जाता है। सरायपाली में कलेक्शन की रकम को चेस्ट में रखने का कार्य पुरानी बस्ती सरायपाली में किया जाता है अगले दिन बैंक में जमा करा दिया जाता है।

अब तक नहीं मिला पैसा

सरायपाली के टीआइ आशीष वासनिक ने बताया कि इस मामले में तीन लोग नामजद हैं। इनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल तक पैसों की रिकवरी नहीं हुई है।