Chhattisgarh News: पर्यटकों के लिए एक नवंबर से खुलेगा अचानकमार टाइगर रिजर्व



Bilaspur News: अचानकमार टाइगर रिजर्व एक नवंबर से खुलेगा। इसके लिए भ्रमण मार्ग की मरम्मत का कार्य प्रबंधन ने प्रारंभ कर दिया है। हालांकि टाइगर रिजर्व प्रबंधक एक अक्टूबर से इसे पर्यटकों की सैर के लिए खोलने की तैयारी में था, लेकिन वर्षा की वजह से चाहकर भी प्रबंधन ऐसा नहीं कर सका। पर मौसम साफ है और वर्षा की आशंका भी नहीं है। इसलिए प्रबंधन तीनों भ्रमण मार्ग की मरम्मत प्रारंभ कर दी है। एक नवंबर से पहले काम पूरा हो जाएगा।

अचानकमार टाइगर रिजर्व में सैर पर्यटकों की पहली पसंद है। प्रबंधन यही जानता है इसीलिए पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर हर समय नया प्रयास होता है। पहले पर्यटक केवल कोर जोन का लुत्फ उठाते थे। पर अब बफर में भी भ्रमण मार्ग बनाया गया है। इसकी शुरूआत इसी साल से हुई है। पर्यटकों से भी रिस्पांस मिला। पर वर्षा और इसके चलते बंद होने के कारण पर्यटक इसका लुत्फ नहीं उठा सके।

पर इस बार एक नवंबर से जब कोर जोन खुलेगा। बफर को भी खोल दिया है। प्रबंधन यहां की सड़कों की भी मरम्मत करा रहा है। अब तो सैर करने के लिए वाहन की समस्या भी नहीं है। हालही में दो और नए वाहन खरीदे गए हैं। जिन्हें माडिफाई कर पर्यटकों के लिए बैठने बनाया गया है। इस वाहन में नौ पर्यटक आसानी से बैठ सकते हैं। अब टाइगर रिजर्व में पर्यटकों को सैर कराने के लिए प्रबंधन के पास नौ वाहन हो गए हैं।

अभी के हिसाब से यह संख्या पर्याप्त है। हालांकि भविष्य में जब पर्यटकों की संख्या बढ़ने लगेगी, वैसे ही वाहनों के साथ सुविधाओं के विस्तार करने की योजना है। फिलहाल पहली प्राथमिता टाइगर रिजर्व को खोलने की बनाई जा रही है। एक जुलाई से यह बंद है। एक नवंबर को खुलेगा। इसलिए सबसे पहले प्रबंधन उस मार्ग की मरम्मत करा रहा है, जहां से भ्रमण वाहन गुजरता है।

वर्षा के कारण न केवल सड़क जर्जर हो जाती है, बल्कि पेड़ व डाल भी टूटकर मार्ग को बंद कर देते हैं। मालूम हो कि यह मार्ग कच्चा है और मुरूम व मिट्टी डालकर ही इस वाहन गुजरने के लायक बनाया जाता है।