जांजगीर चांपा । राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सतत और महत्वपूर्ण भूमिका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जांजगीर नगर में “युवा संगम” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 22 फरवरी 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक सरस्वती शिशु मंदिर, नैला में आयोजित होगा।
आयोजक टोली युवा संगम जांजगीर नगर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवा एवं युवतियों से अपनी गरिमामय उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करना, सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना तथा सकारात्मक नेतृत्व के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में नारायण नामदेव (सह प्रांत प्रचारक, छत्तीसगढ़) उपस्थित रहेंगे। वे युवाओं को संगठन, संस्कार और समाज निर्माण में सक्रिय सहभागिता पर मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद तिवारी, कुल सचिव, सी.व्ही. रमन यूनिवर्सिटी द्वारा की जाएगी।
आयोजकों ने अधिक से अधिक युवाओं से कार्यक्रम में सहभागिता कर राष्ट्रहित में अपने विचार, ऊर्जा और संकल्प को साझा करने की अपील की है। यह आयोजन युवाओं के लिए संवाद, प्रेरणा और मार्गदर्शन का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा।
