रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर लापरवाही और गुस्से का खतरनाक नजारा सामने आया। पेट्रोल भरवाने के दौरान दोस्त को सिगरेट पीने से मना करना एक युवक को इतना नागवार गुजरा कि उसने पेट्रोल नोजल में ही आग लगा दी। घटना में बाइक और पेट्रोल रिफिल मशीन में आग भड़क उठी, हालांकि कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार 18 फरवरी को इमरान नामक युवक अपने मित्र धर्मेंद्र क्षत्रिय के साथ उरला स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचा था। इसी दौरान धर्मेंद्र ने पेट्रोल भरते समय सिगरेट जला ली। इमरान ने उसे ऐसा करने से रोका और आग से खतरे के प्रति सचेत किया। इस पर धर्मेंद्र ने गुस्से में लाइटर से बाइक की टंकी में लगे पेट्रोल नोजल को ही आग लगा दी।
पेट्रोल के संपर्क में आते ही आग तेजी से भड़क गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पंप पर मौजूद कर्मचारी ने तुरंत रिफिल मशीन की सप्लाई बंद कर दी, जिससे आग फैलने से पहले ही काबू पा लिया गया। कर्मचारियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, वरना जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में पेट्रोल पंप मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
