जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अवधि बढ़ाने के निर्णय का किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी रवि पाण्डेय ने आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के हित में लिया गया सराहनीय कदम है, जिससे कई किसानों को राहत मिलेगी और उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सकेगा।
प्रदेश प्रवक्ता रवि पाण्डेय ने कहा कि कई किसान तकनीकी एवं अन्य कारणों से निर्धारित समयावधि में धान विक्रय नहीं कर पाए थे। ऐसे किसानों को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा 5 फरवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक अतिरिक्त समय प्रदान किया जाना किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से उन किसानों को इस निर्णय से लाभ मिलेगा, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था या जिन्हें टोकन प्राप्त होने के बावजूद धान विक्रय करने का अवसर नहीं मिल पाया था। शासन द्वारा इस प्रकार की राहत प्रदान करना किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
रवि पांडे ने मुख्यमंत्री एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार भविष्य में भी किसानों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित अतिरिक्त समयावधि का लाभ उठाकर धान विक्रय की प्रक्रिया पूर्ण करें और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करे।।
