
साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। छोटी सी गलती के बाद लोग साइबर के ऐसे जाल में फंस जाते हैं कि भारी नुकसान उठाना पड़ता है। हाल ही ऐसा एक केस करावल नगर से सामने आया। यहां एक लड़की के पास व्हाट्सअप पर लोन से जुड़ा एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही लड़की का मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद हैकर्स ने लड़की से रुपयों की डिमांड की और धमकी देने लगे। डरकर लड़की ने कुछ रुपये भी ट्रांसफर किए लेकिन हैकर्स ने लड़की के नाम से कई अश्लील मैसेज विभिन्न ग्रुप्स में भेज दिए। साथ ही लड़की के फोटोज के साथ छेड़छाड़ करके सोशल साइट पर नम्बर सहित अपलोड भी कर दिए। परेशान होकर लड़की ने साइबर सेल थाने में केस दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार लड़की परिवार के साथ करावल नगर में रहती है। निजी कम्पनी में काम करने वाली इस लड़की ने बैंक से लोन लिया था। दैनिक जागरण में छपी खबर के अनुसार लड़की के पास व्हाट्सएप पर मैसेज आया जिसमें लोन के साढ़े तीन लाख रुपये मांगे गए और साथ ही एक लिंक भी भेजा गया। जब लड़की ने उस लिंक पर क्लिक किया तो उसका फोन हैक हो गया। इसके बाद हैकर्स ने लड़की से रुपये मांगना शुरू कर दिया। जब उसने इनकार किया तो हैकर्स ने लड़की के कॉन्टेक्ट्स का एक ग्रुप बनाया और उसमें लड़की के नम्बर से अश्लील मैसेज भेजने लगे।
इन अश्लील मैसेजेस के बाद लड़की काफी घबरा गई और उसने डरकर 85 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। हैकर्स 3.64 लाख रुपये की डिमांड करने लगे। जब लड़की ने मना किया तो हैकर्स ने लड़की के जानकारों को कॉल करके अभद्रता की। साथ ही लड़की के फोटोज से छेड़छाड़ की और उसके नम्बर भी इंटरनेट पर अपलोड कर दिए। इन सबसे परेशान होकर लड़की ने साइबर थाने में मामला दर्ज किया। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार लड़की का फोन हैक होते ही उसमें कैश एडवांस, फैमिली लोन, बास्केट लोन, फ्लो रुपी, रुपिया बस, शार्पलोन, हैपी बोरोवर, मनी लोडर, ओके रुपी, कैश नाऊ जैसे कई एप अपने आप डाउनलोड हो गए। लड़की के अनुसार उसने एक बैंक से लोन लिया था, जिसकी अधिकतर किश्त वह भर चुकी है।