जांजगीर-चांपा । जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बीती रात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे पति-पत्नी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। हत्या का कारण लुट की आशंका जाहिर की जा सकती है।
मामला जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम खपरी का है, जो मुलमूला थाना क्षेत्र में आता है। बताया जा रहा है कि हमलावर होली का मुखौटा पहनकर लूट की नीयत से घर में घुसे होंगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
सुबह जब घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिली तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि घर के अंदर बुजुर्ग दंपति की लाश लहूलुहान हालत में पड़ी हुई है, जबकि मौके से कुर्सी पर रखा होली का मुखौटा भी बरामद हुआ है, जिससे वारदात के दौरान चेहरे में मुखौटा लगा कर हत्या करने की आशंका की है।
घटना की खबर फैलते ही घर के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लोगो से पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और लूट व हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल, डबल मर्डर की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
