धमतरी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 12वीं कक्षा के हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। 14 मार्च को आयोजित इस परीक्षा के बाद 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया पर सेट बी के कथित प्रश्नपत्र और उत्तर वायरल होने के दावे सामने आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए 23 मार्च को हुई परीक्षा समिति की बैठक में परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। खास बात यह है कि निर्णय से पहले ही धमतरी स्थित मूल्यांकन केंद्र में हजारों उत्तरपुस्तिकाएं पहुंच चुकी थीं।
धमतरी के Shiv Singh Verma Adarsh Government Higher Secondary School स्थित मूल्यांकन केंद्र में 22 मार्च तक 12वीं हिंदी विषय की लगभग 5200 उत्तरपुस्तिकाएं जांच के लिए पहुंच चुकी थीं। बोर्ड ने अब सभी मूल्यांकन केंद्रों को इन उत्तरपुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं परीक्षा रद्द होने के बाद इन कॉपियों की आगे की प्रक्रिया पर स्थिति स्पष्ट नहीं थी, जिससे केंद्र पर अतिरिक्त सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इससे पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य 16 मार्च से जारी है। पूरे केंद्र में 40 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मूल्यांकन किया जा रहा है, साथ ही सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की गई है। पहले चरण में 10वीं की 36,118 और 12वीं की 13,668 उत्तरपुस्तिकाएं जांच के लिए पहुंची थीं, जिनमें से अधिकांश का मूल्यांकन पूरा हो चुका है।
दूसरे चरण में 22 मार्च को 10वीं और 12वीं के शेष विषयों की उत्तरपुस्तिकाएं भी केंद्र पर पहुंचीं। इसमें 10वीं के संस्कृत और व्यावसायिक शिक्षा सहित कुल 7,218 कॉपियां तथा 12वीं के हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, व्यवसाय अध्ययन और व्यावसायिक शिक्षा सहित कुल 14,900 उत्तरपुस्तिकाएं शामिल हैं। वहीं 24 मार्च तक 10वीं की 1,513 और 12वीं की 398 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा किया जा चुका है।
मूल्यांकन केंद्र प्रभारी और प्राचार्य बी. मैथ्यू ने बताया कि दूसरे चरण का मूल्यांकन 25 मार्च से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड के निर्देशानुसार 12वीं हिंदी विषय की सभी उत्तरपुस्तिकाओं को अलग से सुरक्षित रखा गया है और आगे की प्रक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
