सूरजपुर। शहर के जेलपारा इलाके में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पति ने अपनी पत्नी पर वार्ड क्रमांक-3 के पार्षद मुकेश गर्ग के साथ बंद कमरे में होने का गंभीर आरोप लगाया। रात करीब 10:30 बजे शुरू हुआ यह हाई-वोल्टेज ड्रामा तड़के 2:45 बजे तक चला। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम और मोहल्लेवासियों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़े जाने के बाद आरोपी पार्षद के मुंह छिपाकर मौके से भाग निकलने का आरोप लगाया गया है।
कोतवाली थाने में दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, जेलपारा वार्ड क्रमांक-10 निवासी एक युवक 21 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे अपने घर पहुंचा। आरोप है कि घर के भीतर से उसकी पत्नी और किसी अन्य व्यक्ति की बातचीत की आवाजें आ रही थीं। पति ने जब दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। किसी अनहोनी और संदेह के चलते पीड़ित पति ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो लोगों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। पति का आरोप है कि कमरे के भीतर वार्ड क्रमांक-3 के पार्षद मुकेश गर्ग को उसकी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। आरोप है कि रात 10:30 बजे से तड़के 2:45 बजे तक दोनों कमरे में बंद थे। जब पति ने पार्षद से इतनी रात को घर में मौजूदगी का कारण पूछा, तो वह बिना कोई जवाब दिए अपना मुंह बांधकर वहां से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित पति ने तड़के 4:00 बजे कोतवाली थाने पहुंचकर पार्षद मुकेश गर्ग के खिलाफ अनैतिक कृत्य करने का आरोप लगाते हुए दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
इस पूरे मामले पर सूरजपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) योगेश देवांगन ने जानकारी देते हुए बताया कि रात में घर पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद होने की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर गई थी, जहां अंदर एक अन्य व्यक्ति मौजूद था। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आ रही है कि संभवतः पति और पत्नी अलग-अलग रहते हैं। एएसपी ने पुष्टि की कि पति ने अपनी पत्नी पर दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में आवेदन दिया है और मौके पर हुई झूमाझटकी के वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, फिलहाल दूसरे पक्ष की ओर से कोई शिकायत या आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
