अम्बिकापुर। सरगुजा के जंगलों में 19 लोगों की जान ले चुके खूंखार और उत्पाती दंतैल हाथी ‘कबरा’ को काबू करने के लिए वन विभाग का महा-अभियान शनिवार को दूसरे दिन भी युद्धस्तर पर जारी है। शुक्रवार को दिनभर की मशक्कत के बाद भी हाथी के घने जंगल से बाहर न निकलने के कारण रेस्क्यू टीम उसे ट्रेंकुलाइज (बेहोश) करने में नाकाम रही थी। हालात की गंभीरता को देखते हुए छह जिलों के डीएफओ और सीसीएफ समेत तमाम वरिष्ठ वन अधिकारियों ने रातभर उदयपुर में ही कैंप किया। आज सुबह होते ही एलिफेंट ट्रैकर्स की मदद से कबरा की लोकेशन ट्रेस करने की कवायद फिर से शुरू कर दी गई है।
इस पूरे अभियान में सबसे चौंकाने वाला मोड़ बीती रात तब आया, जब वन विभाग के थर्मल ड्रोन कैमरों ने जंगल के भीतर चल रहे एक भीषण संघर्ष की तस्वीरें कैद कीं। दरअसल, सागबहरी की ओर से आया 17 जंगली हाथियों का एक बड़ा दल उसी रानूमाड़ा सायर जंगल में जा घुसा है, जहां कबरा पहले से डेरा डाले हुए है। रात के अंधेरे में थर्मल इमेजिंग के जरिए यह खुलासा हुआ कि कबरा हाथी इस 17 सदस्यीय दल के साथ आमने-सामने का द्वंद्व कर रहा है, जिससे जंगल में गजराजों की भयावह चिंघाड़ गूंजती रही। अब वन विभाग को इस बात की प्रबल संभावना नजर आ रही है कि कबरा इसी बड़े दल के साथ मिल सकता है, जिससे रेस्क्यू टीम की चुनौतियां और बढ़ गई हैं।
हाथियों के इस जमावड़े और रिहायशी इलाकों में उनकी बढ़ती दस्तक को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सायर और कुदरबसवार इलाके के करीब 14 से 15 स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। गौरतलब है कि बलरामपुर और सूरजपुर से होते हुए सरगुजा पहुंचा कबरा बुधवार रात उदयपुर के बीच बाजार चौक तक आ गया था, जबकि 17 हाथियों के दल ने भी गुरुवार शाम लक्ष्मणगढ़ और शुक्रवार दिन में सुखरीभंडार की बस्तियों में घुसने की कोशिश की थी।
फिलहाल, जंगल के भीतर और बाहर चप्पे-चप्पे पर पुलिस और वन अमले के जवान तैनात हैं, ताकि हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ने से रोका जा सके। वहीं, आज एक बार फिर दो पालतू ‘कुमकी’ हाथियों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और वाइल्ड लाइफ टीम के संयुक्त समन्वय से कबरा को घेरकर ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास किया जाएगा।
