अम्बिकापुर। सरगुजा के जंगलों में आतंक का पर्याय बन चुके खूंखार ‘कबरा’ हाथी को पकड़ने का अभियान शुक्रवार को भी नाकाम रहा। वन विभाग, पुलिस और विशेषज्ञों की रेस्क्यू टीम दिनभर जंगल में डेरा डाले रही, लेकिन हाथी घने जंगल से बाहर नहीं निकला। हालात तब और भयावह हो गए जब शाम करीब 8 बजे सागबहरी की ओर से 17 जंगली हाथियों का एक बड़ा दल उसी रानूमाड़ा सायर जंगल में आ धमका, जहां कबरा हाथी छिपा हुआ है। दोनों तरफ से हाथियों के आमने-सामने आने पर हुई भीषण चिंघाड़ से पूरा इलाका थर्रा उठा और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
अब तक 19 लोगों की जान ले चुका यह हाथी बलरामपुर और सूरजपुर होते हुए सरगुजा पहुंचा है और वर्तमान में कर्मकठरा के रास्ते रानूमाड़ा सायर के घने जंगल में डेरा जमाए हुए है। उसे काबू में करने के लिए छह जिलों के डीएफओ और सीसीएफ समेत वरिष्ठ वन अधिकारियों ने मौके पर मोर्चा संभाल रखा है। अभियान में मदद के लिए दो पालतू (कुमकी) हाथियों को भी बुलाया गया है। दिनभर की मशक्कत के बाद सफलता न मिलने पर अब रात के अंधेरे में थर्मल ड्रोन कैमरों और आधुनिक उपकरणों के जरिए हाथियों की हर हरकत पर पैनी नजर रखी जा रही है।
वन विभाग के लिए सबसे बड़ी चिंता हाथियों का लगातार रिहायशी इलाकों की ओर रुख करना है। बीते बुधवार की रात कबरा हाथी को उदयपुर के बीच बाजार चौक में घूमते देखा गया था। वहीं, गुरुवार शाम करीब 7 बजे 17 हाथियों के दल ने लक्ष्मणगढ़ की बस्ती में दस्तक दी थी, जिन्हें ग्रामीणों और वन अमले ने कड़ी मशक्कत के बाद खदेड़ा। इसके बाद शुक्रवार दिन में भी इसी दल ने सुखरीभंडार की बस्ती में घुसने का प्रयास किया।
जंगल के भीतर हाथियों के आपसी संघर्ष और बस्तियों में बढ़ती घुसपैठ को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा के मद्देनजर लक्ष्मणगढ़ और सुखरीभंडार हनुमान मंदिर से लेकर सायर जंगल की सीमा तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस और वन विभाग के जवान तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।
