अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..नेशनल हाईवे क्र-43 से सटे सत्तर साल पुराने खादी भंडार को जेसीबी मशीन से ढहा दिया गया।बिना प्रशासनिक अनुमति के सात दशक पुराने भवन को तोड़े जाने का कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया है।कांग्रेस ने शासन की बेशकीमती जमीन पर कब्जे की नीयत से ढहाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंप कार्यवाही की मांग की है।
विदित हो कि नगर के मध्य नेशनल हाईवे क्र-43 से सटे 70 साल पुराने खादी भंडार के भवन को रविवार के दिन जेसीबी मशीन से ढहा दिया गया।शासकीय भूमि पर निर्मित इस भवन को ढहाने के लिए कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई थी।बिना अनुमति के ही जेसीबी मशीन लगाकर उसे धराशायी कर दिया गया।रविवार छुट्टी के दिन ढहाए गये इस शासकीय भवन को लेकर नगर में तरह तरह की चर्चाये व्याप्त है।लोगों का कहना है कि बिना प्रशासनिक अनुमति के इसे ढहा देना न्यायसंगत नही है।वही कांग्रेस ने खादी भंडार का दशकों पुराना भवन तोड़े जाने पर आपत्ति दर्ज कराई है।ब्लॉक काँग्रेस अध्यक्ष तिलक बेहरा ने बिना प्रशासनिक अनुमति के कब्जे की नीयत से खादी भंडार के भवन को ढहाये जाने का आरोप लगाया है।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने एसडीएम को ज्ञापन प्रेषित कर जांच एवं कार्यवाही की मांग की है।
इस संबंध में जांच करने गए नायाब तहसीलदार उमेश तिवारी ने बताया कि बिना अनुमति खादी भंडार को तोड़े जाने के संबंध में पंचनामा तैयार कर सीएमओ नगर पंचायत को इस मामले में नोटिस जारी करने कहा गया है।उन्होंने बताया कि इस भवन के पीछे सामाजिक भवन मौजूद है जहाँ आने वाले दिनों में बड़ा कार्यक्रम होने वाला है।जिसे देखते हुए समाज के लोगों द्वारा दुर्घटना की आशंका के मद्देनजर जर्जर हो चुके खादी भवन को ढहाया गया है।इस मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है आगे की कार्यवाही उनसे मिलने वाले दिशानिर्देश के बाद किया जायेगा।
