रायपुर। जिले के खरोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात भूसे से लदे ट्रैक्टर और कार की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक पुलिसकर्मी सहित दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को दौंदेकला स्थित लक्ष्मीनारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सिलतरा थाने में पदस्थ आरक्षक कमलेश वर्मा छुट्टी पर थे। वे अपने साथी रूपेश निषाद और गोपी के साथ कार में रायपुर आए हुए थे। तीनों तर्रा गांव के निवासी थे। देर रात रायपुर से वापस खरोरा लौटते समय सारागांव और बरौंडा के बीच चैती तालाब के समीप सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि गोपी क्षतिग्रस्त वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मशक्कत के बाद घायल को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना देकर तत्काल अस्पताल रवाना किया। सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
