रायपुर/सिंगापुर। सिंगापुर प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रविवार को प्रतिष्ठित ‘सिंग फ़ोरम 2026’ के अंतरराष्ट्रीय मंच से छत्तीसगढ़ के औद्योगिक भविष्य और निवेश संभावनाओं का खाका प्रस्तुत करेंगे। इस वैश्विक सम्मेलन में मुख्यमंत्री वैश्विक निवेशकों के समक्ष राज्य की नई उद्योग नीति के प्रमुख प्रावधानों को रेखांकित करते हुए प्रदेश में उपलब्ध असीम अवसरों को साझा करेंगे।
दौरे के तहत आयोजित होने वाली उच्चस्तरीय ‘सीईओ राउंडटेबल’ बैठक में मुख्यमंत्री सिंगापुर के शीर्ष उद्योगपतियों और व्यावसायिक प्रतिनिधियों से सीधी चर्चा करेंगे, जिसमें राज्य में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, तकनीकी साझेदारी और औद्योगिक विस्तार पर मुख्य फोकस रहेगा। राज्य सरकार की इस अंतरराष्ट्रीय पहल का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित कर प्रदेश में स्थानीय रोजगार और सतत आर्थिक विकास के नए द्वार खोलना है।
