अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के सीतापुर नगर में चोर उठाईगीरों के बाद अब मवेशी तस्करों के गिरोह सक्रिय हो गया है। शनिवार देर रात सड़को पर टहलने वाले आवारा पशुओं को अपना शिकार बना रहे हैं।बीती रात मवेशी तस्करों ने मेन रोड एवं घर के बाहर बैठे तीन पशुओं को जबरन पिकप में डालकर ले भागे।मवेशी तस्करों के यह कारनामा सीसी टीवी में कैद हो गया है।
उक्त घटना शहीद भगत सिंह चौक से पुरानी बस्ती जाने वाली मेन रोड पर देर रात 2 से तीन बजे के करीब सेंट्रल बुक डिपो एवं भगवती ट्रेडर्स के पास की है।सबसे पहले पिकप सवार चार पशु तस्कर पिकप लेकर सेंट्रल बुक डिपो के पास पहुँचे।जहाँ दुकान के बाहर बैठे मवेशी को उठाया और चारों ने मिलकर उसे पिकप में लाद दिया।इसके बाद सामने मौजूद गोपाल गुप्ता के घर के बाहर बैठे दूसरे मवेशी को भी चारों ने मिलकर पिकप में लाद दिया।बड़ी आसानी से दोनों मवेशियों को पिकप में लादने के बाद वो आगे बढ़े और भगवती ट्रेडर्स के पास रुके।जहाँ उन्होंने दुकान के बाहर बैठी एक गाय के गले मे रस्सी बांधा और उठाकर उसे पिकप के पास ले गया।
इसके बाद बारी बारी से पिकप से तीन लोग उतरे और चारों ने मिलकर उसे पिकप में लादा और मौके से भाग खड़े हुए।जिस दौरान तस्कर इस घटना को अंजाम दे रहे थे उस दौरान एक दो लोगो की नजर उन पर पड़ी।उन्होंने शंका होने पर तस्करों को आवाज लगाई और डायल 112 को फोन कर दिया।लेकिन हमेशा की तरह डायल 112 के आने में हुई देरी ने तस्करों को मौका दे दिया और वो चारो मवेशी तस्कर पिकप लेकर मौके से फरार हो गये।तस्करों द्वारा मवेशी तस्करी की घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पहले भी नगर से गायब हो चुके है मवेशी
नगर में पशु तस्करी की इस घटना से पहले भी कई घटना हो चुकी है।दरअसल शहर में आवारा पशुओं की भरमार है जो दिन भर सड़क में डेरा जमाए रहते हैं और रात होते ही सड़क किनारे स्थित दुकानों की परछी के नीचे सो जाते है।दुख की बात तो ये है कि शहर में घूमने वाले सारे मवेशी पालतू है जिन्हें उपयोग के बाद पालकों द्वारा खुला छोड़ देने के बाद ये सभी सड़को पर आवारा बनकर घूमते रहते हैं।जिन्हें अब मवेशी तस्कर अपना शिकार बना रहे हैं और रातो को इन्हें जबरन उठाकर कत्लखाने के हवाले कर दे रहे हैं।इस संबंध में नगर के प्रबुद्ध वर्ग का कहना है कि पालतू मवेशियों को आवारा छोड़ देना एक तरह से गुनाह है।पशुओं की तस्करी के लिए मवेशी पालक खुद जिम्मेदार है जो अपने पालतू मवेशीयों को घरों में बांधकर रखने के बजाए आवारा छोड़ देते है।वो अगर इन्हें अपने घरों मे बांधकर रखते तो इन बेजुबान मवेशियों को तस्करों से बचाया जा सकता था।
इस संबंध में थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि भाजयुमो ने इस संबंध में ज्ञापन सौंप तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई है।
