अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..सरगुजा जिले के सीतापुर नगर से होकर गुजरने वाली जर्जर नेशनल हाईवे की सड़क लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया।सड़क में निर्मित तालाबनुमा गड्ढे की चपेट में आकर रोज कोई न कोई राहगीर एवं स्कूली बच्चे घायल होकर मंजिल की जगह हॉस्पिटल पहुँच रहे है।मरम्मत के अभाव में गड्ढे इतने गहरे हो गए हैं कि उसमें वाहनों का फंसना एवं जाम लगना आम बात हो गई है।जानलेवा हो चुके गड्ढों की वजह से आम लोगों का सड़क पर चलना दूभर हो गया है।विभागीय अधिकारियों ने भी गड्ढे से लोगों को राहत दिलाने के बजाये मुँह फेर लिया है।जिसकी वजह से नेशनल हाईवे की सड़क लोगों के लिए अभिशाप बन गई है।
गौरतलब है कि नगर से होकर गुजरने वाली नेशनल हाईवे क्र-43 की सड़क मरम्मत के अभाव में काफी जर्जर हो गई है।बारिश के कारण इसकी हालत दिनोदिन और खराब होती चली गई और सड़क में जगह जगह जानलेवा गड्ढे बन गए।खासकर ग्राम सोनतराई से सुर तक लगभग तीन किमी तक सड़क की हालत इतनी बदतर हो गई है कि इस सफर करना जान जोखिम में डालने जैसा है।तीन किमी लंबी इस सड़क की सबसे बुरी हालत नगर के बीचोबीच बजाज शो रूम के पास हो गई है।जहां घुटनों तक गहरे गड्ढे बन गए हैं जो राहगीर और स्कूली बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहे है।
सड़क में निर्मित इस गड्ढे की चपेट में आकर अब तक न जाने कितने राहगीर एवं छात्र अपनी मंजिल की जगह हॉस्पिटल पहुँच गये है।अब तो ये आलम हो गया है कि इस गड्ढे में वाहन फंसने की वजह से घंटो तक जाम लग जाते है।सप्ताह भर पहले इस गड्ढे में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री की भी गाड़ी फंस गई थी।जिसके बाद उन्होंने नाराजगी जताते हुए जिले के प्रभारी मंत्री समेत भाजपा के बड़े पदाधिकारियों की जमकर क्लास ली थी।नेता जी की नाराजगी का इतना असर हुआ को दूसरे दिन अधिकारी भागे भागे आये और गड्ढे को समतल कर दिया।जो कुछ दिनों तक राहगीरों को राहत देता रहा लेकिन जैसे ही बारिश का पानी वहाँ जमा हुआ पहले की अपेक्षा ज्यादा बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया।जिसकी वजह से वहाँ की सड़क संकरी हो गई और लोग गड्ढे की चपेट में आकर घायल हो रहे है।
अब तो हालात इतने बदतर हो गए है कि बड़ी गाड़िया भी उस गड्ढे में फंसने लगी है जिसकी वजह से सड़क पर जाम लगने लगा है।लोग जान हथेली पर रखकर जानलेवा सड़क पर चलने को मजबूर हैं।नगरवासियों का कहना है कि भाजपा के शीर्ष नेता की गाड़ी फंसी तो अधिकारी उल्टे पांव दौड़े चले आये और गड्ढा पाटकर सड़क को समतल कर दिया।लेकिन रोज आम जनता एवं स्कूली बच्चे इस गड्ढे की चपेट में आकर परेशान एवं घायल हो रहे है फिर भी अधिकारी चुप्पी साधे बैठे है।शासन प्रशासन की नजर में आम जनता के जीवन का कोई मोल नही है तभी तो जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है।
सड़क पर निर्मित गड्ढे की वजह से परेशान नगरवासियों ने इस समस्या से निजात दिलाने विभागीय अधिकारियों को फोन भी लगाया पर अधिकार फोन नही उठाये।अधिकारियों के इस अड़ियल रवैये से आम जनता में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।लोगों का कहना है कि जानलेवा हो चुकी सड़क के विरोध में जनता सड़क पर उतरे उससे पहले अधिकारियों को सड़क की मरम्मत करवा देनी चाहिए।ताकि अधिकारी और जनता के बीच टकराव की नौबत न आये और लोगों को इस जर्जर सड़क से राहत मिल सके।
मरीज लेकर आ रहा एम्बुलेंस फंसा गड्ढे में,घँटों मशक्कत के बाद निकाला जा सका बाहर
बजाज शोरूम के सामने निर्मित गड्ढे में मरीज लेकर आ रही एम्बुलेंस फंस गई।इस दौरान चालक ने काफी प्रयास किया एम्बुलेंस को गड्ढे से बाहर निकालने की पर सफल नही हुआ।बाद में दूसरी एम्बुलेंस आई और मरीज को हॉस्पिटल ले गई।जबकि गड्ढे में फंसे एम्बुलेंस को घंटो मशक्कत के बाद गड्ढे से बाहर निकाला जा सका।
इस संबंध में एसडीएम फागेश सिन्हा ने बताया कि उनकी कार्यपालन अभियंता एनएच से बात हुई है।उन्होंने गड्ढे की मरम्मत का आश्वासन दिया है।
