बीरभूम। पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी का शव बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और दफ्तर के बाहर भारी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग जमा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
74 वर्षीय आशीष बनर्जी रामपुरहाट के हट्टालापारा मोहल्ले में रहते थे और उनका आवास पार्टी कार्यालय के बिल्कुल समीप है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
आशीष बनर्जी बंगाल की राजनीति का एक बड़ा चेहरा थे। उन्होंने जुलाई 2021 से मई 2026 तक पश्चिम बंगाल विधानसभा के 13वें डिप्टी स्पीकर के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। राजनीतिक जीवन से इतर वह एक शिक्षाविद भी थे; उन्होंने बर्दवान यूनिवर्सिटी से पीएचडी की थी और रामपुरहाट कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर भी कार्यरत रहे थे।
राजनीतिक सफर की बात करें तो बनर्जी ने रामपुरहाट विधानसभा सीट से वर्ष 2001 से 2021 तक लगातार पांच बार जीत दर्ज की थी। हाल ही में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की बीरभूम जिला कोर कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि उन्होंने पार्टी के एक सामान्य सदस्य के रूप में जुड़े रहने की बात कही थी। उनके इस तरह अचानक चले जाने से राज्य के राजनीतिक और शैक्षणिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
