रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की तमनार पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक पुलिस जांच में अब तक 10 से 15 पीड़ितों से लगभग 1 करोड़ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। आरोपी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही अन्य ठगी के शिकार लोग भी अपनी शिकायतें लेकर थाने पहुँच रहे हैं।
मामले की शुरुआत तब हुई जब शिकायतकर्ता सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने तमनार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, ग्राम पड़ीगांव निवासी आरोपी कृष्ण कुमार साहू ने पहले वाहन खरीदने और बेचने के नाम पर उनसे लगातार बड़ी रकम ली। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने अपनी जमीन बेचकर पाई-पाई चुकाने का झांसा देकर और पैसे ऐंठ लिए। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने अपनी जिस जमीन का सौदा पीड़ितों के साथ किया था, उसकी रजिस्ट्री बाद में किसी अन्य महिला के नाम कर दी।
शिकायत मिलते ही तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो गाड़ी (कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये) जब्त कर ली है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू और मनोज सारथी समेत कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है। पुलिस फिलहाल आरोपी के बैंक खातों, अचल संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।
