अम्बिकापुर। हक और आवाज की लड़ाई में शामिल होने दिल्ली के जंतर-मंतर जा रहे छत्तीसगढ़ के दो होनहार युवकों के सपने रास्ते में ही चकनाचूर हो गए। सरगुजा जिले से पल्सर बाइक पर सवार होकर निकले दो दोस्त उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत आरा के रहने वाले 26 वर्षीय दीपक सिंह कुसरो और उनके दोस्त बताईकेला निवासी 26 वर्षीय सूरजभान सिंह कुसरो 18 जुलाई की रात करीब 11 बजे अपनी पल्सर बाइक से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। सफर के दौरान अलीगढ़ के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने तत्काल परिजनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद बदहवास परिजन अलीगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं। इस हादसे में आरा निवासी दीपक सिंह कुसरो की जान चली गई, वहीं सूरजभान गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि दोनों युवा एक बड़े राष्ट्रीय मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराने दिल्ली जा रहे थे। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के समर्थन और NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जा रही है, जहां ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ द्वारा पिछले कई दिनों से लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी आंदोलन का हिस्सा बनने के लिए दोनों दोस्तों ने सरगुजा से दिल्ली तक का लंबा सफर बाइक से तय करने का फैसला किया था, जो अलीगढ़ पहुंचकर इस दुखद मोड़ पर खत्म हो गया।
