जांजगीर-चांपा। जिले अकलतरा विकासखंड के ग्राम तागा में बिना अनुमति फ्लाई ऐश डंपिंग किए जाने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मुक्तिधाम के पास फ्लाई ऐश डंप किए जाने के कारण करीब 5 एकड़ कृषि भूमि की फसल प्रभावित होकर बर्बाद हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, डंपिंग से उड़ने वाली राख खेतों में फैल गई, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को भी धूल और प्रदूषण के कारण रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो और अधिक किसानों की फसल प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना किसी वैध अनुमति के फ्लाई ऐश डंपिंग की गई है, जिससे पर्यावरणीय नियमों के साथ-साथ किसानों के हितों की भी अनदेखी हुई है। उनका कहना है कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
अब ग्रामवासी मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से करने की तैयारी में हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, अवैध डंपिंग पर तत्काल रोक, प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
