जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सारागांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हाईवे पर राहगीरों से हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने शनिवार को इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक कानून से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार चाकू, दो मोटरसाइकिलें, लूटे गए मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह पूरी वारदात 16 जुलाई की शाम को राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप के पास हुई। खोखरा निवासी अशोक लाठिया अपने साथी के साथ सारागांव में बढ़ई का काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के दौरान कुछ युवकों ने उनका पीछा करना शुरू किया। पंप से महज 100 मीटर आगे निकलते ही बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दोनों को घायल कर दिया और उनके पास से दो मोबाइल व 5 हजार रुपये कैश लूटकर रफूचक्कर हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई थी।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर सबसे पहले डेरागढ़ निवासी महेंद्र कुमार धारिया को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में महेंद्र टूट गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की बात कबूल कर ली।
महेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी सूर्यकांत बरेठ को भी धर दबोचा, जिसके पास से लूटे गए रुपयों में से 2 हजार रुपये नकद बरामद हुए। वहीं, वारदात में शामिल नाबालिग के पास से घटना में प्रयुक्त एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, चाकू और दूसरा मोबाइल जब्त किया गया। इस पूरी त्वरित और सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी सहित सारागांव थाने की पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।
