सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले की होनहार मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी मान्या पाण्डेय ने खेल जगत में एक बार फिर अपनी सफलता का परचम लहराया है। शहर के जयपुरिया स्कूल में आयोजित ‘5वीं डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में मान्या ने सब-जूनियर कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया। अपनी बेहतरीन फाइटिंग तकनीक और आक्रामक खेल के बदौलत उन्हें इस प्रतियोगिता की “बेस्ट फीमेल फाइटर” ट्रॉफी से भी नवाजा गया।
इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल पांच जिलों के लगभग 130 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कड़े और चुनौतीपूर्ण मुकाबलों के बीच मान्या ने अद्भुत आत्मविश्वास और खेल कौशल का परिचय देते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी और सोने का तमगा हासिल किया।
पिछला रिकॉर्ड भी रहा है शानदार
मान्या की यह कामयाबी कोई इत्तेफाक नहीं है। इससे पहले भी वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही हैं। बीते 14 जून को सागर जिले में आयोजित हुई राज्य स्तरीय (State Level) ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भी मान्या ने अपनी श्रेणी में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया था। उनकी इस ताजा जीत से स्थानीय खेल प्रेमियों और उनके परिवार में खुशी की लहर है।
