धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गुंडागर्दी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। भखारा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के कड़े रुख के बाद चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई के पहले मामले में पुलिस ने ग्राम भिंडरावनी (भाटापारा) के रहने वाले 25 वर्षीय नरेंद्र कुमार पटेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू के साथ लोगों को डरा रहा था। पुलिस ने उसके पास से हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया, जिसके बाद शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इसी कड़ी में एक अन्य सफलता भखारा पुलिस को तब मिली, जब ग्राम भिंडरवानी के मुक्तिधाम के पास एक और युवक द्वारा लोगों को धमकाने की खबर आई। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाकर 19 वर्षीय मनीष यादव को धर दबोचा। मनीष के पास से भी एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया है।
इस दोहरी कामयाबी के बाद धमतरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार रखने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वाले और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
