कोरबा। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के पास सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) कार्यालय के भीतर एक सुरक्षाकर्मी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान आरा मशीन क्षेत्र के रहने वाले 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है, जो रविवार रात की शिफ्ट में अपनी ड्यूटी पर तैनात था। रात के वक्त परिजनों द्वारा कई बार फोन किए जाने के बाद भी जब विनोद ने कॉल रिसीव नहीं किया, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। इसी आशंका के चलते सोमवार सुबह करीब 5 बजे विनोद के पिता राजेंद्र सोनवानी खुद एलआईसी दफ्तर पहुंचे थे।
वहां पहुंचकर पिता ने काफी देर तक आवाज लगाई और मोबाइल पर भी संपर्क साधा, लेकिन अंदर से कोई हलचल न होने पर उन्होंने तुरंत कार्यालय के अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों को मामले की सूचना दी। कर्मचारियों के मौके पर पहुंचते ही जब दफ्तर का दरवाजा खोला गया, तो भीतर का भयावह दृश्य देख सबकी आंखें फटी की फटी रह गईं; सामने विनोद का शव फंदे से झूल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
घटनास्थल से पुलिस ने कुछ संदिग्ध सामग्री भी जब्त की है। हालांकि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन ठोस वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने के साथ ही परिजनों और दफ्तर के सहकर्मियों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू को खंगाल रही है।
