जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांजगीर चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के एक युवक ने आरोपी महिला की प्रताड़ना से परेशान होकर जहर खा लिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में बिलासपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला पीड़ित युवक को उसकी निजी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर अपलोड करने की धमकी दे रही थी और उसे डिलीट करने के बदले लगातार मोटी रकम की मांग कर रही थी। महिला की इस धमकी और लगातार बढ़ती पैसों की मांग से तंग आकर युवक ने आखिरकार जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की जांच में जुट गई है।
