नई दिल्ली। भारत को ऊर्जा क्षेत्र में एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अंडमान द्वीप समूह के गहरे समुद्र में प्राकृतिक गैस का एक बड़ा भंडार मिला है। भारत सरकार की नवरत्न कंपनी ‘ऑयल इंडिया लिमिटेड’ ने इस महत्वपूर्ण सफलता को हासिल किया है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने की। देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से इस खोज को एक बड़े मील के पत्थर के रूप में देखा जा रहा है।
इस ऐतिहासिक खोज पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि अंडमान सागर में ऊर्जा संभावनाओं का विशाल समुद्र और मजबूत हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि ‘श्री विजयपुरम-3’ में प्राकृतिक गैस की मौजूदगी की पुष्टि होना बेहद उत्साहजनक और देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
तकनीकी विवरण के अनुसार, यह बड़ी खोज ‘श्री विजयपुरम-3’ नामक एक खोजी कुएं में हुई है, जो अंडमान द्वीपसमूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित है। ऑयल इंडिया लिमिटेड ने इस कुएं की ड्रिलिंग समुद्र में 355 मीटर गहराई वाले क्षेत्र में की थी। कंपनी ने 1900 मीटर से अधिक की गहराई तक जाकर ‘ईओसीन संरचना’ (Eocene Formation) में ड्रिलिंग प्रक्रिया को अंजाम दिया। शुरुआती परीक्षण के दौरान यहाँ लगातार गैस फ्लेयरिंग (गैस का जलना) देखी गई, जिसने आधिकारिक तौर पर वहाँ प्राकृतिक गैस के प्रचुर भंडार की मौजूदगी पर मुहर लगा दी है।
