अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामकुमार टोप्पो की महिला रिश्तेदार के साथ शासकीय कार्यालय में बदतमीजी का एक गंभीर मामला सामने आया है। राजापुर उपतहसील के तहसीलदार पर विधायक की सगी बहन के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। इस घटना से आक्रोशित विधायक रामकुमार टोप्पो खुद कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ थाने पहुंचे हैं। उन्होंने आरोपी तहसीलदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग करते हुए पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है और तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज करने पर अड़ गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, सीतापुर विकासखंड के राजापुर उपतहसील क्षेत्र की रहने वाली विधायक रामकुमार टोप्पो की बहन अपनी कुछ निजी और स्थानीय समस्याओं को लेकर तहसीलदार से मिलने उनके कार्यालय गई थीं। आरोप है कि जब महिला अपनी समस्या अधिकारी के सामने रख रही थीं, तभी तहसीलदार ने उनके साथ बेहद अमर्यादित और अशोभनीय व्यवहार किया। इतना ही नहीं, अपनी पीड़ा बताने गईं विधायक की बहन की बात सुनने के बजाय उन्हें जबरन कार्यालय कक्ष से बाहर निकाल दिया गया।
एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी द्वारा किए गए इस कथित दुर्व्यवहार के बाद से पीड़ित महिला गहरे मानसिक सदमे में हैं और इस बर्ताव से वह मानसिक रूप से काफी आहत हुई हैं। अपनी बहन के साथ हुई इस बदसलूकी की जानकारी मिलते ही विधायक रामकुमार टोप्पो ने इसे आम जनता और महिलाओं का अपमान बताते हुए मोर्चा खोल दिया है। फिलहाल विधायक समर्थकों के साथ थाने में डटे हुए हैं और प्रशासन पर आरोपी तहसीलदार के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने का दबाव बना रहे हैं, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
