सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग को झांसे में लेकर दुष्कर्म करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इस घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित नाबालिग अपनी चाची के घर कोरिया जिले गई हुई थी। वहां अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने और उल्टी की शिकायत होने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसके गर्भवती होने की पुष्टि की। इस खबर से स्तब्ध परिजनों को जब पूरी सच्चाई पता चली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर की सूचना पर पीड़िता के पिता ने तत्काल बैकुंठपुर में ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कराई। चूंकि घटनास्थल प्रेमनगर थाना क्षेत्र का था, इसलिए केस डायरी वहां स्थानांतरित कर दी गई। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने फेसबुक के माध्यम से नाबालिग से दोस्ती की थी और फिर विश्वास में लेकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। प्रेमनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (POSCO Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
