कांकेर. एकतरफा प्यार में अंधे हुए युवक ने हैरान करने वाली हरकत को अंजाम देते हुए युवती की फोटो एडिट कर उसे आपत्तिजनक रूप में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. मामले की शिकायत मिलते ही चारामा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रवीण कुमार निर्मलकर को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आईटी एक्ट के तहत दंडनीय अपराध करते हुए युवती की छवि धूमिल करने की कोशिश की. उसके पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है, जिससे फोटो एडिट कर व्हाट्सऐप ग्रुप में वायरल की गई थी. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
घटना की शुरुआत एक अप्रैल को हुई शिकायत से हुई, जिसमें युवती ने बताया कि 31 मार्च की रात करीब 9:30 बजे उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने जानकारी दी कि ‘ग्राम पंचायत टिकरापारा’ नाम से बनाए गए व्हाट्सऐप ग्रुप में उसकी एडिट की हुई आपत्तिजनक तस्वीरें और संदेश साझा किए गए हैं. इस ग्रुप में युवती के ससुराल पक्ष और रिश्तेदारों को भी जोड़ा गया था, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची.
साइबर सेल की मदद से जांच आगे बढ़ी तो आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार निर्मलकर के रूप में हुई. पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह और युवती धमतरी के एक कॉलेज में साथ पढ़ते थे और वह युवती से एकतरफा प्रेम करता था. जब उसे युवती की शादी 13-14 अप्रैल के बीच तय होने की जानकारी मिली, तो उसने साजिश रचते हुए फोटो एडिट कर वायरल कर दी.
आरोपी की मंशा युवती का रिश्ता तुड़वाकर उससे शादी करने की थी, लेकिन उसकी यह हरकत अब उसे सलाखों के पीछे ले गई. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
