रायपुर. रायपुर रेल मंडल के रायपुर-उरकुरा-मांढर सेक्शन में चल रहे ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य का असर रेल यातायात पर साफ दिखाई देगा. इस तकनीकी कार्य के चलते 5 और 6 अप्रैल को कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.
रेल प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल को 68728 रायपुर-बिलासपुर और 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी. इसके साथ ही 68733 गेवरा रोड-बिलासपुर और 68734 बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू का संचालन भी नहीं होगा. वहीं 58205 रायपुर-इतवारी पैसेंजर 5 अप्रैल को रद्द रहेगी, जबकि 6 अप्रैल को 58206 इतवारी-रायपुर पैसेंजर भी नहीं चलेगी.
इसी क्रम में 68701 और 68703 रायपुर-दुर्ग तथा 68702 और 68704 दुर्ग-रायपुर मेमू सेवाएं भी इन तिथियों पर बंद रहेंगी. इसके अलावा 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त कर दी जाएगी और आगे का सफर रद्द रहेगा. वहीं 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बिलासपुर से ही रवाना होगी, जबकि गोंदिया से बिलासपुर के बीच इसका संचालन निरस्त रहेगा.
अन्य परिवर्तनों में 58217 टिटलागढ़-रायपुर पैसेंजर 4 अप्रैल को महासमुंद स्टेशन पर ही समाप्त कर दी जाएगी, जबकि 58218 रायपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर 5 अप्रैल को महासमुंद से ही अपनी यात्रा शुरू करेगी. रेल प्रशासन ने इस अस्थायी व्यवस्था के लिए यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा पर खेद व्यक्त किया है.
