कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के तीन अलग-अलग इलाकों में संचालित अवैध कबाड़ यार्डों पर बुलडोजर चला दिया. पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई से कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
प्रशासन की टीम ने सबसे पहले राताखार क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी मुकेश साहू के अवैध रूप से संचालित यार्ड को ध्वस्त किया. बताया गया कि यह यार्ड बिना किसी अनुमति के संचालित किया जा रहा था और यहां बड़ी मात्रा में कबाड़ का भंडारण किया जाता था.
इसके बाद रामनगर इलाके में तनवीर कबाड़ी के ठिकाने पर भी बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे में बनाए गए ढांचे को हटाया गया. वहीं कोरकोमा क्षेत्र में संचालित एक अन्य अवैध कबाड़ यार्ड पर भी कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को तोड़ दिया गया.
नगर निगम के डिप्टी कलेक्टर नीरज कौशिक ने बताया कि शहर में बिना अनुमति संचालित कबाड़ यार्डों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि राताखार, रामनगर और कोरकोमा क्षेत्रों में कार्रवाई से पहले संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए थे, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
वहीं प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि नगर निगम की ओर से पुलिस बल की मांग किए जाने पर करीब 30 से 40 पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया था. पुलिस बल ने नगर निगम की टीम के साथ मिलकर पूरी कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया.
