अम्बिकापुर। सरगुजा जिले की प्रतिभाशाली बास्केटबॉल खिलाड़ी दीपशिखा एक्का ने अपने शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर North Frontier Railway (एनएफआर) गुवाहाटी, असम में नौकरी हासिल कर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे सरगुजा जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है, वहीं खेल जगत में भी उत्साह देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि दीपशिखा एक्का दरिमा क्षेत्र के सखोली गांव की निवासी हैं। बचपन से ही खेल के प्रति उनका विशेष लगाव रहा। वर्ष 2015 में जब वे कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में कक्षा सातवीं की छात्रा थीं, तब सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा आयोजित टैलेंट सर्च कार्यक्रम के दौरान उनकी प्रतिभा को पहचाना गया। प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद विशेष ट्रायल आयोजित किया गया, जिसमें उनका चयन हुआ और आगे उन्हें उन्नत प्रशिक्षण के लिए भेजा गया।
बाद में दीपशिखा का चयन साईं अकादमी राजनांदगांव में हुआ, जहां उन्होंने आवासीय व्यवस्था के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए अंतरराष्ट्रीय कोच राजेश्वर राव के मार्गदर्शन में कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त किया। Sports Authority of India के अंतर्गत संचालित साईं अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई पदक अपने नाम किए और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ही उन्हें एनएफआर गुवाहाटी में नियुक्ति प्राप्त हुई।
दीपशिखा की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे सरगुजा जिले और सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के लिए गर्व का विषय है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना और रेलवे जैसी प्रतिष्ठित संस्था में चयनित होना यह साबित करता है कि सरगुजा की बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयां छू रही हैं। इस उपलब्धि के पीछे राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और संघ द्वारा संचालित टैलेंट सर्च कार्यक्रम की बड़ी भूमिका रही है।
सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष, पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने दीपशिखा एक्का को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया हौसला देगी।
