अम्बिकापुर। सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल की अवैध बिक्री और सप्लाई के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। आबकारी विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 896 नग SPASMO PROXYVON PLUS नशीले कैप्सूल जप्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल दाखिल कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम द्वारा दिनांक 16 फरवरी 2026 को गश्त के दौरान कत्कालो बाजार थाना दरिमा क्षेत्र में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुकेश गुप्ता निवासी करजी थाना दरिमा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे झोले से 224 नग SPASMO PROXYVON PLUS कैप्सूल बरामद किए गए, जिसके बाद उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में दिनांक 18 फरवरी 2026 की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि सूआरपारा पानी टंकी के पास, थाना बतौली क्षेत्र में दो युवक नशीले कैप्सूल की सप्लाई करने वाले हैं। सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने टीम के साथ मौके पर घेराबंदी कर राहुल तिग्गा और नितेश चौहान को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के कब्जे से 472 नग SPASMO PROXYVON PLUS कैप्सूल जप्त किए गए और दोनों को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22C के तहत कार्रवाई की है। इसके बाद दिनांक 19 फरवरी 2026 को आरोपियों को विशेष न्यायालय अंबिकापुर में रिमांड हेतु पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेजने का आदेश जारी किया गया।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ टीम के मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारु राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, ओमप्रकाश गुप्ता तथा महिला सैनिक चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
